Big StoryState

नौतपा में खूब तपा सूरज, अब राहत के संकेत

रायपुर। इस वर्ष नौतपा में सूर्य की तपिश ने छत्तीसगढ़ में जमकर कहर बरपाया है। पिछले नौ दिनों के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 28 मई को मुंगेली में दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान नौतपा के पहले दिन 22.9 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। इसके बाद निरंतर न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होती गई और नौतपा के आखिरी दिन दो जून को तिल्दा में यह 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी बीच मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के कुछ जिलों में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में थोड़ी राहत के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है, जबकि एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने के भी आसार हैं। राजधानीवासियों के लिए रविवार का दिन तपन भरा रहा, जबकि दोपहर दो बजे के बाद से बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में खंड वर्षा भी देखने को मिली, जिसकी वजह से अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई और लोगों को कुछ हद तक राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। साथ ही अधिकतम तापमान 44 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं। वहीं, पिछले नौ दिनों में रायपुर में इस सीजन का अधिकतम तापमान अपने चरम पर रहा। एक जून को इस सीजन का सर्वाधिक तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नौतपा से पूर्व यहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक रहा।



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button