Big StoryState

चित्रकोट विधायक गोयल ने किया 24 वीं राज्य स्तरीय शालेय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल स्पर्धा का शुभारंभ

खिलाड़ी प्रतिभा का श्रेष्ठतम प्रदर्शन कर बनाएं अपनी पहचान : विधायक गोयल



जगदलपुर। किसी भी प्रतियोगिता में जीत-हार अवश्यंभावी है लेकिन खिलाड़ी का अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठतम प्रदर्शन उसकी क्षमता को साबित करने सहित पहचान दिलाता है। यह बात विधायक चित्रकोट श्री विनायक गोयल ने स्थानीय श्यामाप्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल में 24 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल स्पर्धा के शुभारंभ अवसर पर खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों और गणमान्य नागरिकों को मुख्य आतिथ्य की आसंदी से सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने अपने क्षेत्र के लामड़ागुड़ा निवासी राज्य स्तर पर पुरस्कृत खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक बालमती यादव की प्रतिभा की सराहना कर अन्य खिलाडिय़ों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल स्पर्धा में सम्मिलित होने वाले सभी खिलाडिय़ों और प्रशिक्षकों को सुप्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का भ्रमण करवाने की बात कही।
इस अवसर पर विधायक श्री विनायक गोयल ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा प्रदान करने सहित खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव पहल कर रही है। इस दिशा में खेल सुविधाओं के विस्तार सहित खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने खिलाडिय़ों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने की शुभकामनाएं दी। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने खिलाडिय़ों को अनुशासन के साथ प्रतिभा प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी और कहा कि खेलकूद से व्यक्तित्व निर्माण होता है और सकारात्मक ऊर्जा के साथ शारीरिक, बौद्धिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने खिलाडिय़ों को स्पर्धा में अच्छा प्रदर्शन कर अपने क्षेत्र का नाम रौशन करने की समझाइश दी। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए महापौर श्रीमती सफीरा साहू ने भी खिलाडिय़ों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी श्री बलीराम बघेल ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि इस सुब्रतो कप फुटबॉल स्पर्धा में प्रदेश के 05 जोन दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर के 250 से अधिक खिलाड़ी छात्र-छात्राएं और खेल अधिकारी एवं प्रशिक्षक सम्मिलित हो रहे हैं। जिसमें बालक वर्ग में 15 एवं 17 वर्ष तथा बालिका वर्ग में 17 वर्ष आयु के खिलाड़ी शामिल हैं। इस दौरान खिलाड़ी छात्रा जिया मानिकपुरी ने सभी खिलाडिय़ों को नियमों का पालन कर अनुशासन के साथ स्पर्धा में सहभागिता निभाने की शपथ दिलाई। इस मौके पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button