91 प्रतिशत अंकों के साथ चिरागदीप बने विद्यालय टॉपर, IIT में चयन का सपना
अम्बिकापुर । पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अंबिकापुर के मेधावी छात्र चिरागदीप ने CBSE कक्षा 12वीं की परीक्षा में 91 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अपनी मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन के दम पर चिरागदीप ने जिले के होनहार विद्यार्थियों की सूची में भी अपना नाम दर्ज कराया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। चिरागदीप के पिता रंजन सोनी और माता आरती सोनी ने बताया कि बेटे ने सेल्फ स्टडी और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता हासिल की। चिरागदीप ने बताया कि वह रोज सुबह 5 बजे उठकर करीब 2 घंटे पढ़ाई करते थे और स्कूल से लौटने के बाद भी 4 से 5 घंटे नियमित सेल्फ स्टडी करते थे। उन्होंने पूरे वर्ष NCERT पुस्तकों को आधार बनाकर अध्ययन किया और हर सप्ताह रिवीजन का टाइम टेबल फॉलो किया। परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया और मोबाइल से भी दूरी बनाए रखी। विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि चिरागदीप शुरू से ही अनुशासित और जिज्ञासु छात्र रहा है। वह कक्षा में हमेशा सवाल पूछता था और अपने डाउट क्लियर करने में सबसे आगे रहता था। उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। चिरागदीप के पिता रंजन सोनी, जो वरिष्ठ पत्रकार हैं, ने कहा कि उन्होंने कभी बेटे पर नंबर लाने का दबाव नहीं डाला, बल्कि हमेशा मेहनत पर ध्यान देने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आज बेटे ने पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। वहीं माता आरती सोनी, जो स्वयं शिक्षिका हैं, ने परीक्षा के दौरान चिरागदीप के खान-पान, दिनचर्या और मानसिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा तथा लगातार सही मार्गदर्शन देती रहीं। चिरागदीप ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, विशेषकर राजू गुप्ता जी एवं अपनी माता श्रीमती आरती सोनी को दिया है। वर्तमान में वह JEE Advanced की तैयारी में जुट गए हैं। उनका सपना IIT से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर देश की सेवा करना और एक सफल इंजीनियर बनना है।
