Big Storygharghoda

बिलासपुर में गूँजी कैडेट्स की दहाड़:जनरल रावत ड्रिल और मेजर होशियार सिंह शूटिंग प्रतियोगिता में 600 जांबाजों ने दिखाया दमखम

सीएमडी कॉलेज और जैन इंटरनेशनल स्कूल अव्वल



बिलासपुर (गौरी शंकर गुप्ता) | शहर के प्रतिष्ठित जैन इंटरनेशनल स्कूल में अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। यहाँ 7 छ.ग. बटालियन एन.सी.सी. के तत्वावधान में ‘जनरल रावत इंटर-इंस्टिट्यूशनल ड्रिल’ एवं ‘परमवीर मेजर होशियार सिंह स्मृति मार्क्समैन शूटिंग’ प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस गौरवशाली स्पर्धा में 8 महाविद्यालयों और 13 विद्यालयों के लगभग 600 कैडेट्स ने अपनी सैन्य कुशलता का प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि ने बढ़ाया कैडेट्स का उत्साह

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री रामगोपाल गर्ग (IPS), आईजी बिलासपुर रेंज रहे। उन्होंने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि, “ड्रिल और शूटिंग जैसी प्रतियोगिताएँ न केवल शारीरिक दक्षता बढ़ाती हैं, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और राष्ट्र भावना को भी सुदृढ़ करती हैं।” विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. एस. राजपूत और उप-प्राचार्य ने मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया। इस दौरान 7 छ.ग. बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल लोकेश देव की गरिमामयी उपस्थिति ने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।

प्रतियोगिता के परिणाम: प्रतिभा का परचम

प्रतियोगिता के परिणाम अत्यंत रोमांचक रहे, जहाँ कैडेट्स ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी:

1. ड्रिल प्रतियोगिता (व्यक्तिगत – बेस्ट ड्रिल कमांडर)

  • JD/JW वर्ग: प्रथम स्थान पर कैडेट प्राची यादव (MLB स्कूल) और द्वितीय स्थान पर कैडेट निकिता कटारिया (स्वामी आत्मानंद, सकरी) रहीं।
  • SD/SW वर्ग: कैडेट हर्ष सिंह (CMD कॉलेज) ने प्रथम और कैडेट मोहित तिवारी (जे.पी. वर्मा कॉलेज) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

2. ड्रिल प्रतियोगिता (टीम इवेंट)

  • JD/JW वर्ग: MLB बिलासपुर एवं DAV पब्लिक स्कूल ने संयुक्त रूप से प्रथम, जैन इंटरनेशनल स्कूल ने द्वितीय और स्वामी आत्मानंद स्कूल (सकरी) ने तृतीय स्थान हासिल किया।
  • SD/SW वर्ग: CMD कॉलेज बिलासपुर विजेता रहा, जबकि बिलासा गर्ल्स कॉलेज द्वितीय और गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (कोनी) तृतीय स्थान पर रहा।

3. फायरिंग प्रतियोगिता (मार्क्समैनशिप)

  • व्यक्तिगत (JD/JW): कैडेट आदर्श सिंह देव प्रथम रहे। द्वितीय स्थान पर कैडेट अंशी गुप्ता और कैडेट केला ऋषेंद्र रहे।
  • व्यक्तिगत (SD/SW): कैडेट अलवीरा नाज ने प्रथम और कैडेट अंश सोनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
  • टीम इवेंट: जैन इंटरनेशनल स्कूल ने अपना दबदबा कायम रखते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं रेलवे क्रमांक 2 विद्यालय दूसरे स्थान पर रहा।

अनुशासन और समर्पण का संदेश

प्राचार्य डॉ. एस. एस. राजपूत ने अपने संबोधन में एन.सी.सी. के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और अनुशासन में अभूतपूर्व वृद्धि होती है।

इस वृहद आयोजन को सफल बनाने में कैप्टन आशीष शर्मा, कैप्टन नवीन सिरसवार, बटालियन के समस्त ए.एन.ओ. (ANO), पी.आई. स्टाफ और जैन इंटरनेशनल स्कूल के शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का गरिमामय समापन एन.सी.सी. गान और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button