April 26, 2026

बैंक डकैती और बड़ी चोरी की साजिश नाकाम: रायगढ़ पुलिस ने दबोचा 6 शातिर अपराधियों का ‘संगठित गिरोह’

0
99

2 कारें और 60 मोबाइल फोन सहित 26.47 लाख की संपत्ति बरामद

CCTV और मुखबिर की मदद से घरघोड़ा पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश



रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता) | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के कुशल नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस ने जिले में सक्रिय एक बेहद शातिर और संगठित आपराधिक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। घरघोड़ा पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना सहित 5 आरोपियों और 1 विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह न केवल मोबाइल दुकानों में सेंधमारी कर रहा था, बल्कि बैंकों में बड़ी लूट की वारदातों को अंजाम देने की फिराक में था।

फरवरी की चोरी से खुला ‘लूट कांड’ का राज

मामले का खुलासा तब हुआ जब फरवरी माह में कुडुमकेला स्थित एक मोबाइल शॉप में बड़ी चोरी हुई थी। टीआई घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू और उनकी टीम (प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक व आरक्षक हरीश पटेल) लगातार सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के जाल के जरिए आरोपियों का पीछा कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने मोहम्मद अरसलान (पत्थलगांव) को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में न केवल मोबाइल चोरी, बल्कि धरमजयगढ़ के ग्रामीण बैंक और जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लूट के असफल प्रयासों की बात भी कबूल कर ली।

वारदात का तरीका: रेकी और सबूत मिटाने में माहिर

पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह लग्जरी कारों (मारुति सियाज और महिंद्रा XUV-500) का उपयोग करता था ताकि किसी को शक न हो। ये सड़क किनारे स्थित बैंकों और दुकानों की रेकी करते थे। शातिरपन का आलम यह था कि धरमजयगढ़ और जूटमिल के बैंकों में चोरी के प्रयास के दौरान, आरोपी पकड़े जाने के डर से बैंक का CCTV कैमरा सिस्टम तक उखाड़ ले गए थे ताकि कोई सबूत न बचे।

बरामदगी और गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 26,47,100 रुपये की संपत्ति बरामद की है, जिसमें शामिल हैं:

  • दो चारपहिया वाहन: (सियाज और XUV-500)
  • 60 नग मोबाइल फोन और एयरबड्स।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. मोहम्मद अरसलान (19 वर्ष, पत्थलगांव) – मुख्य सरगना
  2. करण महंत (30 वर्ष, छाल)
  3. अलतमस खान (19 वर्ष, पत्थलगांव)
  4. जॉनसन बेक (19 वर्ष, पत्थलगांव)
  5. कवलेश यादव (19 वर्ष, मैनपाट)
  6. 01 नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक)

SSP का सख्त संदेश

इस बड़ी सफलता पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने टीम की सराहना करते हुए कहा:

“रायगढ़ पुलिस ने प्रोफेशनल तरीके से इस संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बैंकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे संगठित अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”

इस पूरे ऑपरेशन को एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *