रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’: गांजा और शराब तस्करों पर टूट पड़ी पुलिस, 5 गिरफ्तार
लैलूंगा में उड़ीसा कनेक्शन का भंडाफोड़, कोतवाली पुलिस ने एक्टिवा से तस्करी कर रहे आरोपियों को दबोचा
रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता) | एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” ने तस्करों की कमर तोड़ दी है। जिले की लैलूंगा और कोतवाली पुलिस ने बीते 24 घंटों में दो बड़ी कार्यवाहियों को अंजाम देते हुए गांजा और शराब की खेप जब्त की है। पुलिस ने कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
1. लैलूंगा पुलिस की रेड: 9 किलो से अधिक गांजा जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार
लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिहारधार मेन रोड के पास कुछ तस्कर उड़ीसा से लाया गया गांजा खपाने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर तीन संदिग्धों को दबोचा। तलाशी लेने पर उनके बैग से 9.170 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 4,35,000 रुपये आंकी गई है।
- गिरफ्तार आरोपी: दिलेश्वर यादव (19 वर्ष), पिण्टू यादव (18 वर्ष) और गोमदो यादव (54 वर्ष), सभी निवासी सिहारधार।
- जब्ती: 9.170 किलो गांजा और 2 मोबाइल फोन (कुल मशरूका 4.45 लाख रुपये)।
- पुलिस टीम: इस कार्रवाई में एएसआई परमेश्वर गुप्ता, आरक्षक संतराम निषाद, जितेन्द्र कुर्रे, विनोद कुजुर एवं शशिभूषण उरांव ने अहम भूमिका निभाई।
2. कोतवाली पुलिस का एक्शन: एक्टिवा में ले जाई जा रही 52 पौव्वा शराब जब्त
शहर में अवैध शराब की सप्लाई रोकने के लिए कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल एवं उप निरीक्षक ऐनु देवांगन की टीम सक्रिय थी। टाउन पेट्रोलिंग के दौरान केवड़ाबाड़ी पेट्रोल पंप के पास एक एक्टिवा (CG 13 BC 1558) को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर बोरी के भीतर छिपाकर रखी गई 52 पौव्वा देशी शराब बरामद हुई।
- गिरफ्तार आरोपी: अमित यादव (36 वर्ष, गौशालापारा) और गणेश राम यादव (59 वर्ष, बैकुण्ठपुर)।
- जब्ती: 52 पौव्वा शराब (कीमत 4,600 रुपये) और तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा (कीमत 70,000 रुपये)।
नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’: एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।
“अवैध शराब और गांजा का कारोबार करने वाले तत्काल यह रास्ता छोड़ दें, वरना उनके खिलाफ इतनी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी कि वह मिसाल बनेगी। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत हर छोटे-बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।”
दोनों ही मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
