June 10, 2026

शशांक के शतक से बस्तर बायंस की शानदार जीत, रायगढ़ लायंस को 88 रन से दी मात

0
शशांक के शतक से बस्तर बायंस की शानदार जीत, रायगढ़ लायंस को 88 रन से दी मात

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित सीसीपीएल (छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग) के तृतीय संस्करण में बुधवार को खेले गए मुकाबले में बस्तर बायंस ने रायगढ़ लायंस को 88 रनों से करारी शिकस्त दी। बस्तर बायंस के कप्तान शशांक चंद्राकर ने तूफानी शतक जड़ते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में खेले गए इस मैच में बस्तर बायंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में टीम ने 8 विकेट खोकर 209 रन बनाए।



कप्तान शशांक चंद्राकर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 9 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 100 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा अनुज तिवारी ने 44 रन और राहुल प्रधान ने 24 रनों का योगदान दिया। रायगढ़ लायंस की ओर से आयुष सिंह ठाकुर ने 4 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जबकि आदित्य अग्रवाल ने 2 विकेट हासिल किए। 210 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायगढ़ लायंस की टीम बस्तर बायंस के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 16.2 ओवर में 121 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। रायगढ़ की ओर से शुभम मौर्य ने 39 रन तथा शुभम अग्रवाल ने 23 रन बनाए। बस्तर बायंस के लिए सौरभ मजूमदार और उत्कृष्ट तिवारी ने 3-3 विकेट झटके, जबकि मनराज सिंह ने 2 विकेट अपने नाम किए। शशांक चंद्राकर की कप्तानी पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर बस्तर बायंस ने यह मुकाबला 88 रनों से जीत लिया।

मैच में शतक लगाने वाले शशांक चंद्राकर को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *