घरघोड़ा कॉलेज में अव्यवस्था को लेकर छात्रों में आक्रेाश: एनएसयूआई ने SDM को सौंपा ज्ञापन
घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। शासकीय महाविद्यालय घरघोड़ा में व्याप्त शैक्षणिक अव्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर एनएसयूआई के ब्लॉक अध्यक्ष शिवम गुप्ता के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने अनुविभागीय दण्डाधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। ज्ञापन में बताया गया कि महाविद्यालय में लंबे समय से नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो रही हैं। कई विषयों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है, वहीं शिक्षकों की उपस्थिति और समय-पालन में भी गंभीर अनियमितता देखी जा रही है। इससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है और उनका भविष्य संकट में पड़ता जा रहा है। एनएसयूआई ने यह भी आरोप लगाया कि महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है। छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था भी नहीं है, जिसके कारण उन्हें रोजाना कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्र नेताओं का कहना है कि इन समस्याओं के संबंध में पहले भी प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

छात्र संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि महाविद्यालय में नियमित कक्षाएं संचालित कराई जाएं, शिक्षकों की कमी को तत्काल दूर किया जाए, शिक्षकों की उपस्थिति और समय-पालन सुनिश्चित किया जाए, परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारी जाए और छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो छात्र-छात्राएं अपने अधिकारों के लिए उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

एसडीएम ने दिया समाधान का भरोसा
ज्ञापन प्राप्त होने के बाद एसडीएम ने एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय से जुड़े सभी मुद्दों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
