March 6, 2026

विकास की नई सौगात ; पुरुंगा में 28.51 लाख का उपस्वास्थ्य केंद्र तैयार, छाल में 50 लाख का सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन पूर्ण

0
001
Spread the love

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। ग्राम पुरुंगा में 28 लाख 51 हजार रुपये की लागत से निर्मित उपस्वास्थ्य केंद्र भवन तथा ग्राम छाल में 50 लाख रुपये की लागत से बना सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन अब पूरी तरह तैयार हो चुके हैं।



कलेक्टर ने किया स्थल निरीक्षण, शीघ्र संचालन के निर्देश

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने वनांचल क्षेत्र के भ्रमण के दौरान दोनों निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्राम पुरुंगा में नवनिर्मित उपस्वास्थ्य केंद्र भवन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र को इसी माह नए भवन में शिफ्ट कर सुव्यवस्थित संचालन प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर सुलभ हो सकें।

छाल का सामुदायिक भवन बनेगा बहुउद्देशीय गतिविधियों का केंद्र

ग्राम छाल में निर्मित सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसे शीघ्र ही सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामूहिक कार्यक्रमों के लिए जन उपयोग में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बहुउद्देशीय गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उल्लेखनीय है कि यह भवन मुख्यमंत्री घोषणा की पूर्ति योजना के तहत 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया गया है। जनपद पंचायत धरमजयगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत छाल द्वारा इस कार्य को 30 दिसंबर 2025 को पूर्ण किया गया।

परिसर विकास और आय सृजन की योजना

कलेक्टर ने भवन परिसर के समग्र विकास पर जोर देते हुए पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से व्यवसायिक परिसर निर्माण हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवसायिक परिसर के सामने स्थित खाली मैदान के समतलीकरण एवं सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा, ताकि भविष्य में यह परिसर एक सुव्यवस्थित गतिविधि केंद्र के रूप में विकसित हो सके।

दोनों ग्राम सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्थित हैं। इन आधारभूत संरचनाओं के निर्माण से अब ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।

निरीक्षण के दौरान धरमजयगढ़ एसडीएम श्री प्रवीण भगत, कृषि एसडीओ प्रभास शंकर सिंह, तहसीलदार लोमस मिरी, जनपद सीईओ, छाल की सरपंच श्रीमती मालती राठिया एवं पुरुंगा के ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *