March 6, 2026

CK Nayudu Trophy : छत्तीसगढ़ की दमदार जीत, 136 रन से रेलवे को हराकर क्वार्टर फाइनल में की एंट्री

0
05
Spread the love

राजकोट/ रायपुर। राजकोट के रेलवे मैदान में खेले गए कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी 2025–26 के अंडर-23 मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेलवे को 136 रनों से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। 13 से 16 फरवरी 2026 तक चले इस मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने हर विभाग में बेहतरीन खेल दिखाया। मैच के चौथे दिन छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और पहली पारी में 138.1 ओवर में 486 रन बनाकर मजबूत आधार तैयार किया। सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे ने 153 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि शोभित शर्मा ने नाबाद 169 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। रेलवे की ओर से तौफीक ने तीन और अंश यादव ने दो विकेट लिए।



रेलवे ने पहली पारी में जवाब देते हुए 85.4 ओवर में 361 रन बनाए। आयुष कुमार ने 93 रन, अंश यादव ने 72 रन और कीर्तिवर्धन ने 70 रनों का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ के लिए दीपक यादव ने चार विकेट और प्रशांत साईं पैकरा ने तीन विकेट झटके। दूसरी पारी में छत्तीसगढ़ की टीम 52.4 ओवर में 189 रन पर सिमट गई। आयुष पांडे ने 38, मयंक वर्मा ने 37 और वासुदेव बरेठ ने 30 रन बनाए। रेलवे की ओर से विराट जायसवाल ने चार और जानी बाशा ने तीन विकेट हासिल किए।

315 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे की टीम दबाव में बिखर गई और 45.3 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई। तौफीक उद्दीन ने 60 रन, अंश यादव ने 38 और गर्व सांगवान ने 29 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। छत्तीसगढ़ की ओर से वरुण सिंह भुई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट लिए, जबकि दीपक यादव और वासुदेव बरेठ ने दो-दो विकेट झटके। इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ अंडर-23 टीम ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा साबित करते हुए क्वार्टर फाइनल में दमदार प्रवेश कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *