March 6, 2026

घरघोड़ा की होनहार बेटी खुशी का राजभवन में होगा सम्मान

0
khushi
Spread the love

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। घरघोड़ा की धरती एक बार फिर गौरव से सिर ऊँचा कर खड़ी है। पीएम श्री सेजेस घरघोड़ा की होनहार, प्रतिभाशाली और परिश्रमी छात्रा कुमारी खुशी पटेल ने छत्तीसगढ़ हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2024 में 585 अंक (97.5%) प्राप्त कर प्रदेश की टॉप–10 मेरिट सूची में 9वां स्थान हासिल कर लिया है। यह उपलब्धि केवल एक छात्रा की सफलता नहीं, बल्कि पूरे घरघोड़ा, रायगढ़ जिले और विद्यालय परिवार के लिए ऐतिहासिक क्षण है।



इस असाधारण शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए कुमारी खुशी पटेल को राजभवन में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में माननीय मुख्यमंत्री के करकमलों से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित होना किसी भी विद्यार्थी के लिए सपना होता है, जिसे खुशी पटेल ने अपने कठोर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास से साकार कर दिखाया है।

कुमारी खुशी पटेल, पिता श्री कन्हाई लाल पटेल एवं माता श्रीमती गीता पटेल (शिक्षक) के संस्कार, शिक्षा के प्रति समर्पण और निरंतर मार्गदर्शन का जीवंत उदाहरण है। बेटी की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरा परिवार गौरवान्वित है, वहीं विद्यालय परिसर में भी हर्ष, उत्साह और गर्व का माहौल व्याप्त है।

पीएम श्री सेजेस घरघोड़ा के प्राचार्य श्री संजय पंडा ने इस शानदार उपलब्धि पर खुशी पटेल को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उसकी निरंतर मेहनत, आत्मअनुशासन और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए आगे भी इसी प्रकार निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहने का संदेश दिया।

इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे विद्यालय के समर्पित शिक्षकों की अथक मेहनत और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्राचार्य द्वारा इस सफलता का श्रेय छात्रा के साथ-साथ विषय शिक्षकों — श्रीमती लता जायसवाल (कक्षा शिक्षक एवं जीव विज्ञान), श्री भागीरथी प्रधान (हिंदी), श्री डमरू धर पटेल (संस्कृत), श्री प्रकाश कुमार पंडा (गणित), श्रीमती प्रिया शर्मा (अंग्रेजी) एवं श्रीमती आकांक्षा पटनायक (सामाजिक विज्ञान) — को दिया गया, जिनके मार्गदर्शन ने छात्रा की प्रतिभा को निखारने का कार्य किया।

माननीय डॉ. के. व्ही. राव, जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ एवं श्री आलोक स्वर्णकार, डीएमसी रायगढ़ ने कहा कि कुमारी खुशी पटेल की यह उपलब्धि पूरे रायगढ़ जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनके निर्देशन में जिले के सभी चयनित मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके पालकों को सम्मान समारोह हेतु रायपुर भेजा गया है, जिसमें पीएम श्री सेजेस घरघोड़ा के व्याख्याता श्री प्रकाश कुमार पंडा को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

कुमारी खुशी पटेल की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो यह सिद्ध करती है कि प्रतिभा जब परिश्रम से मिलती है, तो इतिहास रचती है। विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं क्षेत्रवासियों ने एक स्वर में खुशी पटेल को हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल, स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *