
रायपुर में युवक की हत्या का खुलासा, चंद घंटों में 4 विधि से संघर्षरत बालक पकड़े गएपुरानी रंजिश में वारदात की आशंका, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से पुलिस को मिली सफलता; बिलासपुर में RPF की मदद से 3 बालक पकड़े गए
रायपुर, 31 अगस्त 2026। रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सभी चार विधि से संघर्षरत बालकों को चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और RPF के समन्वय से आरोपियों तक पहुंच बनाई।पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त की रात करीब 11:15 बजे अश्वनी नगर क्षेत्र में एक युवक के गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायल युवक की पहचान अहमद रजा उर्फ बाबू के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए AIIMS रायपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मामले में धारा 103, 191(2) और 191(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।DCP वेस्ट के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीमहत्या की घटना के बाद DCP वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन में थाना पुरानी बस्ती और ACCU की विशेष टीम गठित की गई। टीम को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पुलिस को पता चला कि घटना में शामिल कुछ आरोपी रायपुर से बाहर निकलकर बिलासपुर की ओर गए हैं और ट्रेन के जरिए भागने का प्रयास कर रहे हैं।
RPF की मदद से बिलासपुर में दबिश
सूचना मिलते ही पुलिस ने RPF से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद बिलासपुर में घेराबंदी कर कार्रवाई की गई, जहां से तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया गया।वहीं रायपुर में भी अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर एक अन्य बालक को पकड़ा गया। इस तरह हत्या की घटना में शामिल सभी चार विधि से संघर्षरत बालकों को कुछ ही घंटों में पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे पुराना विवाद और आपसी रंजिश सामने आने की बात कही गई है। पकड़े गए बालकों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।पुलिस घटना में इस्तेमाल वस्तुओं और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।एक बालक पहले भी लूट के मामले में रह चुका है निरुद्धपुलिस के मुताबिक पकड़े गए चार विधि से संघर्षरत बालकों में से एक पूर्व में लूट के एक मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध रह चुका है। वह कुछ दिन पहले ही वहां से बाहर आया था। प्रारंभिक जांच में उसके दोबारा इस हत्या की घटना में शामिल होने की बात सामने आई है।पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।



