
रायपुर। आदतन एवं कुख्यात अपराधियों के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की है। गंभीर एवं लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त दो आदतन अपराधियों को जिलाबदर किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, अवैध हथियार, मारपीट, धमकी और मादक पदार्थों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) ने संबंधित पुलिस उपायुक्तों के प्रतिवेदन, आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के कथनों का परीक्षण करने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क)(ख) के तहत जिलाबदर के आदेश जारी किए।
1. विकास उर्फ भीम उर्फ रावण मधुकरविकास उर्फ भीम उर्फ रावण मधुकर (26), निवासी इंदिरा नगर, शुक्रवारी बाजार, बीरगांव के खिलाफ वर्ष 2018 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने का रिकॉर्ड है। थाना उरला में उसके खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म, गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी, अवैध हथियार रखने और जुआ जैसे अपराधों के कुल 9 प्रकरण दर्ज हैं।पुलिस के मुताबिक उसके आपराधिक कृत्यों से क्षेत्र में भय का वातावरण बनने और लोक शांति एवं जनसुरक्षा प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए जिलाबदर की कार्रवाई की गई।आदेश के अनुसार विकास को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों की राजस्व सीमाओं से 3 माह के लिए निष्कासित किया गया है। इस अवधि में सक्षम न्यायालय की अनुमति के बिना वह इन जिलों की सीमाओं में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
2. ओम दुबे उर्फ प्रथम दुबेदूसरा आरोपी ओम दुबे उर्फ प्रथम दुबे (25), निवासी मोतीलाल नगर, सरस्वती नगर, थाना डी.डी. नगर है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहने का रिकॉर्ड है। थाना डी.डी. नगर में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, अश्लील गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, आपराधिक अभित्रास, अवैध हथियार रखने और गांजा बिक्री जैसे गंभीर अपराधों के कुल 11 प्रकरण दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद आरोपी के आचरण में सुधार नहीं हुआ और उसकी गतिविधियों से आमजन में भय का वातावरण बना रहा। इसके चलते उसके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की गई।आदेश के तहत ओम दुबे को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद की राजस्व सीमाओं से 4 माह के लिए निष्कासित किया गया है। इस अवधि में सक्षम न्यायालय की अनुमति के बिना वह इन जिलों में प्रवेश नहीं कर सकेगा।रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



