
रायपुर। गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट पुलिस रायपुर और गणेश उत्सव समितियों की संयुक्त बैठक यातायात सभागार, कालीबाड़ी में आयोजित की गई। बैठक में शहर की करीब 50 समितियों के 100 पदाधिकारी शामिल हुए।बैठक में डीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल, डीसीपी पश्चिम रॉबिंसन गुरिया, डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा और डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला समेत पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।पुलिस ने समितियों को सुरक्षित स्थान पर पंडाल लगाने, अनुमति लेने, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बड़े पंडालों में अलग-अलग एंट्री-एग्जिट, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन नंबर प्रदर्शित करने को भी कहा गया।वालंटियर और यातायात पर विशेष जोरसमितियों को पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैनात करने और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला वालंटियर रखने के निर्देश दिए गए। पंडाल के आसपास सड़क पर वाहनों की पार्किंग नहीं करने तथा आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने पर विशेष जोर दिया गया।विसर्जन के दौरान निर्धारित रूट और समय का पालन करने, डीजे नियमों के अनुसार बजाने तथा नशे, धारदार हथियार, ज्वलनशील सामग्री और प्रतिबंधित पटाखों से दूर रहने के निर्देश दिए गए।पुलिस ने समितियों से अपील की कि आपसी समन्वय और अनुशासन के साथ गणेश उत्सव मनाएं, ताकि शहर में श्रद्धा, सुरक्षा और सौहार्द का माहौल बना रहे।

