
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू और दोपहिया वाहन बरामद
रायपुर। पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में रायपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय रक्सेल (24) को कांकेर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू और प्रार्थी का दोपहिया वाहन भी बरामद किया गया है।पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त 2026 की रात शुभम श्रीवास्तव को अजय रक्सेल अपनी गाड़ी में बैठाकर दाउजी बिल्डिंग के पास गली में ले गया। वहां उसने अपने साथी हर्ष कोसले और एक अन्य व्यक्ति को बुलाया। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए शुभम के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 454/2026 दर्ज कर बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला कायम किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से जानकारी जुटाने के दौरान मुख्य आरोपी के कांकेर में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कांकेर पहुंचकर लगातार पतासाजी की और अजय रक्सेल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर दोपहिया वाहन और घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार, अजय रक्सेल पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। वर्ष 2022 में थाना तेलीबांधा और वर्ष 2023 में थाना सिविल लाइन के मारपीट एवं आर्म्स एक्ट के मामलों में उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है।मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।


