क्या इंग्लैंड की हार भूलकर नई शुरुआत कर पाएगी टीम इंडिया? कप्तान अय्यर ने किया रणनीति का खुलासा

इंग्लैंड दौरे पर निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने खिलाड़ियों से बेखौफ क्रिकेट खेलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि असफलता का डर टीम में किसी के लिए भी जगह नहीं रखता। हालिया हार ने टीम को कमजोर नहीं, बल्कि पहले से अधिक एकजुट बनाया है।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा। इंग्लैंड दौरे से मिली सीख मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अय्यर ने कहा कि इंग्लैंड और आयरलैंड दौरा टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन उससे कई सकारात्मक बातें भी सीखने को मिलीं।
श्रेयस ने कहा, ‘इंग्लैंड में हमारा समय अच्छा नहीं रहा, लेकिन वहां से हमने सीखा कि आगे बढ़ने के लिए टीम के रूप में क्या सुधार करना है। मैदान पर बेहतर सोच, परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता और जागरूकता बेहद जरूरी है।’ यह दौरा बतौर कप्तान अय्यर का पहला विदेशी असाइनमेंट भी था।



