
4.93 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद, कीमत करीब 28 हजार रुपये; NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
रायपुर। राजधानी में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान मौदहापारा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने MDMA ड्रग्स के साथ 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था, लेकिन टीम ने तीन घंटे के भीतर उसे दोबारा पकड़ लिया।पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर की शाम रजबंधा मैदान के पास नशीला पदार्थ बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की सूचना पर कार्रवाई की गई थी।
इसी दौरान आरोपी मुशर्फ कादरी (22), निवासी मौदहापारा, अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।पुलिस ने तलाश करते हुए काला मैदान के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर समवेत शिखर कॉम्प्लेक्स के पास एक पेड़ के नीचे छिपाए गए पर्स से चार पैकेट में 4.93 ग्राम सफेद नशीला पाउडर बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, यह MDMA है, जिसकी अनुमानित कीमत 28 हजार रुपये है।कार्रवाई के दौरान नकदी, एटीएम कार्ड, मोबाइल और डियो स्कूटी भी जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ थाना मौदहापारा में NDPS एक्ट की धारा 22(ख) और 29 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

