तखतपुर-कोटा में चार साल से बंद डायवर्सन का मामला विधानसभा में गूंजा, विधायक धर्मजीत सिंह ने उठाई आवाज
रायपुर। विधानसभा के मानसून सत्र में तखतपुर और कोटा क्षेत्र में पिछले चार वर्षों से बंद पड़ी भूमि डायवर्सन (भूमि उपयोग परिवर्तन) की प्रक्रिया का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया। तखतपुर के वरिष्ठ विधायक धर्मजीत सिंह ने सदन में कहा कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग एक्ट की धारा-16 के कारण डायवर्सन की प्रक्रिया ठप होने से विकास कार्यों के साथ-साथ आम लोगों के निजी निर्माण भी प्रभावित हो रहे हैं।
विधायक ने बताया कि डायवर्सन नहीं होने से लोगों को होम लोन मिलने में परेशानी हो रही है। इसके कारण कई परिवार अपने मकानों का निर्माण नहीं करा पा रहे हैं। साथ ही डायवर्सन के अभाव में नगरपालिका से भवन निर्माण की अनुमति भी नहीं मिल रही है, जिससे शासन की विभिन्न आवासीय योजनाओं का लाभ लेने में भी दिक्कत आ रही है।
धर्मजीत सिंह ने कहा कि यह समस्या केवल तखतपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि कोटा क्षेत्र के हजारों लोग भी इससे प्रभावित हैं। दोनों क्षेत्रों के नागरिक लंबे समय से डायवर्सन प्रक्रिया शुरू कराने की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने इस विषय पर विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सरकार से टाउन एंड कंट्री प्लानिंग एक्ट के तहत लागू प्रतिबंधात्मक व्यवस्था की समीक्षा कर डायवर्सन प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की। मामला उठने पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने संज्ञान लेते हुए विधायक को आश्वस्त किया कि उनके ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर आगे विचार किया जाएगा। अध्यक्ष के इस आश्वासन के बाद तखतपुर और कोटा क्षेत्र के प्रभावित लोगों को उम्मीद है कि सरकार जल्द कोई सकारात्मक निर्णय लेकर वर्षों से लंबित डायवर्सन प्रक्रिया को फिर से शुरू कर सकती है।
