
2 गिरफ्तार ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस की कार्रवाई, गांजा और मिनी ट्रक समेत 2.40 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 440.63 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक में गांजे के पैकेट मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने वाहन में सवार उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है, जबकि मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह मामले में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पकड़ा गया ट्रक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक वाहन में गांजा लेकर तस्कर जशपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं।सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच तेज की। इसी दौरान टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में ऊपर की तरफ मिर्ची से भरी बोरियां रखी थीं। जब पुलिस ने बोरियों को हटाकर नीचे रखे सामान की जांच की, तो टेप से लिपटे पैकेट मिले।पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया। पुलिस ने कुल 14 बोरियों से 440 पैकेट बरामद किए, जिनका वजन 440.63 किलोग्राम बताया गया है।
प्रयागराज के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मो. वसीम (28 वर्ष) और मो. आसिफ (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। दोनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मुंडेरा गांव के निवासी बताए गए हैं।पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजे के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा मिनी ट्रक जब्त कर लिया गया।दोनों आरोपियों के खिलाफ तपकरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात आई सामने
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से लाकर प्रयागराज ले जाने की बात बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसकी आपूर्ति किस व्यक्ति को की जानी थी।जांच के दौरान तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त पाए जाने वाले अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जशपुर पुलिस के आंकड़े: 16 मामलों में 1906 किलो गांजा जब्त
जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से 2 अक्टूबर 2026 तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 1906 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं।
एसएसपी बोले- तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी
जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत लावाकेरा बैरियर पर पुलिस टीम की सतर्कता से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि गांजे की खरीद से लेकर उसकी अंतिम आपूर्ति तक जुड़े लोगों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।इस कार्रवाई में तपकरा थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की तथा एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस के अन्य जवानों की भूमिका रही।



