CG News

छत्तीसगढ़ में सड़क-पुल निर्माण को मिलेगी रफ्तार, 672 करोड़ के 24 कार्यों की निविदा मंजूर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश के बाद सड़क और पुल निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। राज्य शासन ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 672 करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक लागत के 24 निर्माण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं में नई सड़कें बनाने के साथ पुराने मार्गों का चौड़ीकरण, उन्नयन, मजबूतीकरण और पुल निर्माण के कार्य शामिल हैं।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बेहतर सड़क और पुल अधोसंरचना से प्रदेश में आवागमन आसान होगा। वहीं, उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।सात नई सड़कें और दो पुलों का होगा निर्माणलोक निर्माण विभाग के अनुसार, स्वीकृत 24 कार्यों में सात नई सड़कें, दो पुल एवं पहुंच मार्ग, तीन सड़क उन्नयन परियोजनाएं तथा 12 मार्गों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के कार्य शामिल हैं। अधिकारियों को संबंधित निर्माण एजेंसियों को जल्द कार्यादेश जारी कर बारिश के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।


दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव में बनेंगी नई सड़कें

नई सड़क परियोजनाओं के तहत दुर्ग जिले में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग तक 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए 28.02 करोड़ रुपये से अधिक की निविदा मंजूर हुई है।धमतरी जिले के आमदी में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण पर करीब 19.26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में आठ किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ का निर्माण किया जाएगा, जिसकी लागत लगभग 46.22 करोड़ रुपये निर्धारित है।इसके अलावा बिलासपुर जिले में झाल से नगपुरा मार्ग, महासमुंद में सल्डीह-बहादुरपुर मार्ग, बलरामपुर-रामानुजगंज में सिविलदाग-नीलकंठपुर सड़क और रायगढ़ में उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।

अरपा और खारून नदी पर बनेंगे पुल

बिलासपुर जिले में अरपा नदी पर लोधीपारा (सरकंडा)-कोनी मार्ग में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए 17.63 करोड़ रुपये से अधिक की निविदा स्वीकृत हुई है।इसी तरह चोरहादेवरी-परसदा मार्ग पर खारून नदी में पुल निर्माण के लिए करीब 7.68 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इन पुलों के बनने से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन और संपर्क सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।करीब 79 करोड़ से तीन सड़कों का उन्नयनसड़क उन्नयन की तीन परियोजनाओं पर कुल लगभग 78.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का परसवार-चलगली मार्ग, रायपुर जिले में अभनपुर के पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के हिस्से का फोरलेन उन्नयन और रायगढ़ जिले का कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ मार्ग शामिल है।

धमतरी में चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के कई काम

धमतरी जिले में मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया मार्ग, पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा मार्ग, छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग और अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की योजनाएं शामिल हैं।इसके अतिरिक्त राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से में मजबूतीकरण और डामरीकरण का कार्य भी कराया जाएगा।

रायगढ़ में फोरलेन और विद्युतीकरण पर जोर

रायगढ़ जिले में रायगढ़-लोइंग-महापल्ली मुख्य जिला मार्ग तथा रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग के पांच-पांच किलोमीटर हिस्से को फोरलेन में विकसित करने के साथ विद्युतीकरण किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं की निविदाएं क्रमशः लगभग 59.49 करोड़ और 47.78 करोड़ रुपये की हैं।कांकेर से सरगुजा तक सड़कों को मजबूतीकांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर राज्यीय राजमार्ग के 36.80 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 85.83 करोड़ रुपये से अधिक की निविदा मंजूर की गई है।इसके अलावा बेमेतरा के देवकर-साजा-खम्हरिया मार्ग, दुर्ग के भिलाई-सिरसा-औरी-मोतीपुर मार्ग, सरगुजा के सोनतराई-मैनपाट मार्ग और महासमुंद के बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग पर भी निर्माण एवं सड़क सुधार के कार्य कराए जाएंगे।गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन अनिवार्यराज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और निर्धारित समय-सीमा में परियोजनाएं पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। कार्यों का पर्यवेक्षण विभागीय मानकों के अनुसार किया जाएगा।निर्देशों के अनुसार, स्वीकृत कार्यों को किसी अन्य एजेंसी को सबलेट नहीं किया जा सकेगा और कार्य निष्पादन के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी भी मान्य नहीं होगी। शासन का जोर निर्माण कार्यों को तय बजट, निर्धारित शर्तों और समय-सीमा के अनुरूप पूरा कराने पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button