Big StoryState

पुष्य नक्षत्र : खरीदारी का महामुहूर्त

रायपुर (न्यूज टर्मिनल)। दीपावली से एक सप्ताह पहले बाजार में धन की वर्षा शुरु हो जाएगी। इसके लिए शनि-रवि यानी आज और कल का इंतजार उपभोक्ताओं तथा कारोबारियों को बेसब्री से है। शहर में दीपावली का बाजार सज गया है। इस बार दो दिन का पुष्य नक्षत्र हाेने के साथ खरीदारी का महामुहूर्त शुरु होने जा रहा है। ज्योतिषी कमलेश प्रसाद शास्त्री ने बताया कि शनिवार 4 नवंबर की सुबह 8 बजे से लेकर 5 नवंबर सुबह 11 बजे तक पुष्य नक्षत्र का योग है। दोनों दिन नए कार्य की शुरुआत भूमि, भवन, वाहन खरीदी, आभूषणों एवं बही-खाता के लिए सर्वश्रेष्ठ है। सराफा, कपड़ा, आटोमोबाइल्स, इलेक्ट्रानिक सेक्टर से लेकर पूरा बाजार खरीदारी के लिए महामुहूर्त है। उन्होंने बताया कि पुष्य नक्षत्र का विशेष महत्व है। 27 नक्षत्रों में पुष्य नक्षत्र काे राजा माना जाता है। इस समय में की गई खरीदारी स्थाई समृद्धि प्रदान करती है। पुष्य नक्षत्र में सोना खरीदना विशेष शुभ माना जाता है। नये कारोबार में प्रगति होती है। भारतीय परम्परा के अनुसार उदयकाल से अस्तकाल तक की मान्यता है। रविवार के दिन यह मुहूर्त होने से सर्वार्थसिद्ध योग कहलाएगा।



सराफा, आटोमोबाइल, कपड़ा, इलेक्ट्रानिक बाजार तैयार

पुष्य नक्षत्र को लेकर सराफा से लेकर आटोमोबाइल्स, इलेक्ट्रानिक, कपड़ा बाजार में रौनक बनी हुई है। सराफा व्यवसायी विनय पारख ने बताया कि आभूषणों की नई रेंज के साथ ग्राहकों को लुभाने कारीगरी में विशेष छूट दी जा रही है। इसके अलावा कुछ संस्थानों में निश्चित राशि की खरीदी पर आकर्षक उपहार दिए जाएंगे। आटोमोबाइल्स बाजार में कार-बाइक की रफ्तार तेज है। कारों में 70 हजार रूपए तक छूट के साथ 90 फीसदी तक फाइनेंस की सुविधा दी जा रही है। इसी प्रकार दोपहिया वाहनों में लोएस्ट डाउन पेमेंट 6 हजार रुपए तथा कैश बैक का तोहफा दिया जा रहा है। इलेक्ट्रानिक बाजार में टीवी, फ्रिज की नई रेंज के साथ आकर्षक छूट दी जा रही है। कपड़ा बाजार में त्योहारी सीजन के साथ शादी सीजन के हिसाब से नए कलेक्शन उपलब्ध है।

शनि, बृहस्पति का मिलता है आशीर्वाद

पं. राजकुमार तिवारी ने बताया कि पुष्य नक्षत्र को खरीदारी के लिए सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। नक्षत्र के अधिपति शनि और उपस्वामी बृहस्पति है। दोनों ग्रहदेव प्रगति व लाभ के अनुकूल माने जाते हैं। कारोबारियों का कहना है कि इस वर्ष भी शुभ मुहूर्त में जबरदस्त खरीदारी की उम्मीद है। बाजार में उपभोक्ताओं के लिए आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button