June 10, 2026

वन ग्राम आमा खोल में संघ द्वारा कंबल वितरण, स्वदेशी उत्पाद प्रोत्साहन एवं सहभोज कार्यक्रम सम्पन्न

0
वन ग्राम आमा खोल में संघ द्वारा कंबल वितरण, स्वदेशी उत्पाद प्रोत्साहन एवं सहभोज कार्यक्रम सम्पन्न

घरघोड़ा/बिलासपुर (गौरी शंकर गुप्ता)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गतिविधि ग्राम विकास विभाग द्वारा सुदूर वन ग्राम आमा खोल में रविवार को कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों को बढ़ती ठंड से राहत पहुँचाने एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा कार्यों का विस्तार करने के उद्देश्य से यह सेवा कार्य सम्पन्न हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी दर्ज की। कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने पारंपरिक करमा नृत्य एवं लोकगीतों के माध्यम से अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। साथ ही ग्रामीणों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक स्वयं निर्मित चटाई, टोकनी, सूपा एवं सुपेली भेंट रूप में प्रदान किए। इस अवसर पर प्रांत प्रमुख श्री देवेंद्र जी ने संघ की ग्राम विकास संबंधी गतिविधियों, सामाजिक समरसता एवं ग्रामीण स्वावलंबन के विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाले दिनों में स्वास्थ्य शिविर तथा स्वावलंबन पर कार्यशाला का भी आयोजन ग्राम में किया जाएगा। वहीं समाजसेवी श्री अजीत सिंह भोगल जी ने धर्म जागरण एवं सांस्कृतिक चेतना पर अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज में जागरूकता के महत्व पर बल दिया।



कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित—
माननीय जिला संघ चालक श्री रामधन जी, ग्राम विकास विभाग प्रमुख श्री रोहित भांगे जी, श्री गुरु तेग बहादुर शिक्षण समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्री अजीत सिंह भोगल जी, जिला प्रमुख श्री हिमाचल साहू जी, महिला शक्ति प्रमुख श्रीमती अंजू राजपूत जी, नगर प्रमुख श्री अमित चतुर्वेदी जी, नगर सहप्रमुख श्री अजय साहू जी एवं श्री अंकित श्रीवास जी।

स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम की सफलता में सक्रिय भूमिका निभाने वाले ग्राम स्वयंसेवक—
अमर, धर्मराज, अनिल कुमार, राजकुमार, सुनील कुमार, मोतीलाल, भैरम, सिद्धनाथ, बलराम, रोहित, दिलीप, करण, संजय, जयकुमार, महेंद्र एवं कन्हैया यादव का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु नगर से पहुंचे स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम में निर्मित उपयोगी सामग्रियों को विक्रय कर समर्थन दिया गया तथा भविष्य में नियमित क्रय करने का वचन भी दिया, जिससे स्थानीय स्वावलंबन को प्रोत्साहन मिलेगा। कार्यक्रम के उपरांत ग्रामीणों एवं स्वयंसेवकों के बीच सहभोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 350 लोगों ने सहभागिता की और सामूहिक एकता का परिचय दिया। ग्रामीणों ने इस सेवा कार्य हेतु हर्ष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की अपेक्षा जताई। संपूर्ण आयोजन का संचालन संघ स्वयंसेवकों द्वारा अनुशासनपूर्वक सम्पन्न किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *