City

छत्तीसगढ़ भविष्य के उद्योगों का नया केंद्र बनने की ओर: मुख्यमंत्री साय

इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 का शुभारंभ, देशभर के 300 से अधिक एमएसएमई उद्यमी ले रहे हिस्सा


रायपुर, 18 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026’ का शुभारंभ किया। मेले में देशभर से 300 से अधिक एमएसएमई उद्यमी और औद्योगिक प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पारंपरिक उद्योगों के साथ अब आईटी, सेमीकंडक्टर, फार्मा, टेक्सटाइल और ग्रीन एनर्जी जैसे भविष्य के क्षेत्रों की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

राज्य सरकार का लक्ष्य निवेश प्रक्रिया को सरल बनाकर उद्योगों के लिए सहयोगी और ‘एक्सीलरेटर’ की भूमिका निभाना है।उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के लागू होने के बाद प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव मिले हैं और कई परियोजनाओं पर धरातल पर काम शुरू हो चुका है।

लगभग 1100 करोड़ रुपए की सेमीकंडक्टर परियोजना का काम शुरू होना नए औद्योगिक बदलाव का उदाहरण है।मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खनिज, ऊर्जा, वन संपदा, मानव संसाधन और देश के मध्य में स्थित होने का भौगोलिक लाभ उद्योगों के लिए बड़ी ताकत है। स्थानीय संसाधनों के वैल्यू एडिशन के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 44 प्रतिशत भू-भाग वनाच्छादित है और लघु वनोपज के प्रसंस्करण से ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में रोजगार की नई संभावनाएं पैदा की जा सकती हैं। वहीं, नवा रायपुर को आधुनिक टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित करने पर भी काम जारी है।

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर उद्यमियों को उत्पाद, तकनीक और नवाचार साझा करने के साथ नई व्यावसायिक संभावनाएं तलाशने का अवसर देगा। उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के जरिए निवेश प्रस्ताव अब धरातल पर आकार ले रहे हैं।मुख्यमंत्री ने मेले में लगाए गए विभिन्न औद्योगिक स्टॉलों का अवलोकन किया और उद्यमियों से उनके उत्पादों, तकनीक एवं नवाचारों की जानकारी ली। आयोजन 18 से 20 सितंबर तक चलेगा।

Web Reporter

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button