छात्राओं को मिला बीमा जागरूकता का पाठ, करियर अवसरों से कराया परिचित

खैरागढ़ स्वामी आत्मानंद स्कूल में युनाइटेड इंडिया इंश्यूरेंस का वृहद बीमा जागरूकता कार्यक्रम

खैरागढ़ । विश्व आदिवासी दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को युनाइटेड इंडिया इंश्यूरेंस कंपनी लिमिटेड (शाखा कार्यालय राजनांदगांव) द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी व हिंदी माध्यम शासकीय कन्या विद्यालय (नं. 2), खैरागढ़ में एक दिवसीय बीमा जागरूकता सह वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं के लगभग 400 छात्राओं एवं 40 से अधिक शिक्षकों ने सहभागिता की। मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक हरींद्र सिंह ने विद्यार्थियों को सामान्य बीमा, स्वास्थ्य, मोटर, आयुष्मान भारत, केंद्र व राज्य सरकार प्रायोजित बीमा योजनाओं, स्टूडेंट सेफ्टी, सम्पूर्ण सुरक्षा बीमा (व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा) एवं परम मित्र सुरक्षा (मौसम आधारित पैरामीट्रिक इंश्यूरेंस) के महत्व से अवगत कराया। साथ ही, बीमा क्षेत्र में ‘एक्चुअरी’, ‘अंडरराइटर’ एवं ‘बीमा सलाहकार’ जैसे करियर अवसरों की जानकारी दी। इसके साथ ही, क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार सिंह ने बीमा और सामाजिक भागीदारी पर अपने विचार व्यक्त किये। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह राजपूत ने वित्तीय साक्षरता पर अपने विचार रखे। इस दौरान आयोजित क्विज़ एवं एक्स्टेंपोर प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा विद्यालय पुस्तकालय को पुस्तकें भेंट की गईं। प्राचार्य एवं वरिष्ठ शिक्षकों ने मौसम आधारित आधुनिक ‘परम मित्र सुरक्षा’ (पैरामीट्रिक इंश्यूरेंस) पॉलिसी को अपनाया, जिसे मौके पर ही उन्हें सौंपा गया।
कार्यक्रम का समापन परिसर में वृक्षारोपण एवं जलपान वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रबंधक रजनीश कुमार सक्सेना, एसबीएम विवियन विक्टर, प्रशासनिक अधिकारी दीपक नाइकर एवं बीमा सलाहकार लोकेंद्र सिंह राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के शिक्षक अखिलेश श्रीवास्तव द्वारा किया गया।



