शराब के नशे में स्कूल पहुंचे दो शिक्षक, एक पर महिला सहकर्मी से बदसलूकी का आरोप

जांजगीर-चांपा। जिले में शराब के नशे में स्कूल पहुंचने के आरोप में शिक्षा विभाग ने दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। दोनों मामलों में शिकायत सामने आने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई की।
पहला मामला पामगढ़ विकासखंड के भुईगांव भांठापारा का है। यहां प्रधानपाठक योगेश्वर सिंह कंवर पर नशे की हालत में स्कूल पहुंचने और महिला शिक्षिका से कथित बदसलूकी का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लिया और प्रधानपाठक को निलंबित कर दिया।
दूसरा मामला बलौदा विकासखंड के नवीन प्राथमिक शाला परसदा का है। यहां सहायक शिक्षक ललित राम भारद्वाज पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप है। रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षक स्कूल में टेबल के नीचे बैठे मिले थे। शिकायत के बाद विभाग ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

