Big StoryNational

छत्तीसगढ़ और झारखंड जुड़वा भाई, सभी सीटें भाजपा जीतेगी: सीएम

ननिहाल प्रदेश पहुंचकर मुख्यमंत्री ने मांगे वोट



रायपुर/साहिबगंज/पाकुड़/दुमका । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को झारखंड में तीन जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने साहिबगंज जिले के बरहेट, पाकुड़ जिले के अमरापाड़ा और दुमका जिले के शिकारीपाड़ा में सभा कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।
सभा की शुरुआत में विष्णुदेव साय ने कहा कि आज वे अपने ननिहाल प्रदेश में आए हैं। झारखंड उनका ननिहाल है। झारखंड से छत्तीसगढ़ का रोटी-बेटी का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि खूंटी लोकसभा क्षेत्र के कुरडेग प्रखंड से उनकी माता जी आई हैं और वही उनका मामा गांव है। उनकी दादी माँ भी झारखंड की थीं। उनके सभी मामा भाजपा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और झारखंड जुड़वा भाई हैं। उस समय के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटलजी ने छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड तीन राज्य बनाए थे। एक नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ बना और पंद्रह नवंबर 2000 को झारखंड बना। दोनों राज्य एक साथ पैदा हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लोकसभा का चुनाव संपन्न हो चुका है और हम प्रदेश की सभी ग्यारह की ग्यारह सीटें जीतकर मोदी जी को दे रहे हैं। उन्होंने झारखंड की जनता से प्रदेश की सभी चौदह सीटें भाजपा को जिताकर पीएम मोदी को देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों को जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार ने खूब भरमाया। हमेशा यही भ्रम फैलाते हैं कि मोदी जी और भाजपा सरकार आई तो यहाँ के जल, जंगल, जमीन को लूट लेगी। जबकि पूरे झारखंडवासियों को पता है कि यहाँ के जमीन को लूटने वाला एक मात्र आदमी यहाँ के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। झारखंड के लिए दुर्भाग्य की बात है कि आज यहाँ के पूर्व मुख्यमंत्री जमीन लूटने के मामले में, माइंस के लिए जमीन लेने के मामले में जेल में हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button