gharghoda

घरघोड़ा के ऐतिहासिक तालाबों की दुर्दशा पर नगरवासियों ने सौंपा ज्ञापन

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। नगर के ऐतिहासिक बगमूड़ा एवं छोटे मुड़ा तालाबों की बिगड़ती स्थिति को लेकर नगरवासियों ने एकजुट होकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। नागरिकों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत घरघोड़ा को ज्ञापन सौंपकर तालाबों की शीघ्र सफाई और सौंदर्यीकरण की मांग की है।



ज्ञापन में बताया गया कि बगमूड़ा और छोटे मुड़ा तालाब नगर की प्राचीन जल धरोहर हैं, जो वर्षों से पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहे हैं। वर्तमान में दोनों तालाब गंदगी, जलकुंभी, कचरे और गाद से भर चुके हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है तथा मच्छरों के प्रकोप से बीमारियों की आशंका बढ़ गई है।

नगरवासियों ने प्रशासन से तालाबों की तत्काल सफाई, जलकुंभी हटाने, गहरी खुदाई, प्रकाश व्यवस्था, हरियाली विकसित करने और सौंदर्यीकरण कार्य कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित विभाग से स्थल निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध भी किया गया है।

नागरिकों का कहना है कि नगर का सबसे पुराना और ऐतिहासिक तालाब लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। समय-समय पर केवल औपचारिक सफाई कर मामला शांत कर दिया जाता है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया है।

नगरवासियों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है, ताकि नगर की ऐतिहासिक धरोहर और पर्यावरण दोनों सुरक्षित रह सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button