politics

आदिवासियों पर अत्याचार के लिए भाजपा जिम्मेदार : बैज

रायपुर। विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय रायपुर के राजीव भवन में आदिवासी गौरव पर्व मनाया गया। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने आदिवासियों पर हुए अत्याचार के लिए भाजपा के 15 सालों के कार्यकाल को जिम्मेदार ठहराया। बैज ने कहा, भाजपा के कार्यकाल में बस्तर जल रहा था। आदिवासियों के घर जलाए जा रहे थे। गोली मारकर उन्हें नक्सलियों का कपड़ा पहना दिया जाता था। वो दिन कांग्रेस भूली नहीं है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आने के बाद बस्तर से लेकर पूरे प्रदेश में आदिवासी सुरक्षित हैं। उनको जल, जंगल, जमीन का अधिकार मिल रहा है। बस्तर में चुनौतियों को लेकर उन्होंने कहा, चुनौती अब भी है, लेकिन हमारी सरकार बेहतर काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का आदिवासियों को लाभ मिल रहा है, इसलिए आज बस्तर शांति की ओर लौट रहा है। आदिवासी समाज की आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक उन्नति के द्वार खोले गये हैं। आज आदिवासी सुरक्षित और गौरान्वित महसूस कर रहा है, हमारे देवगुड़ी, हमारे घोटुल, हमारी संस्कृति को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का काम कांग्रेस सरकार ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, सहप्रभारी विजय जांगिड़, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।



आदिवासी संस्कृति देश की संस्कृति : सैलजा

कुमारी सैलजा ने कहा, आदिवासियों के बलिदान और उनके त्याग को याद में रखते हुए उनकी संस्कृति को आगे ले जा रहे हैं। आदिवासी संस्कृति देश की संस्कृति है और विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पिछले पांच साल में कांग्रेस की सरकार ने आदिवासी समाज का सम्मान लौटाया। भाजपा के 15 सालों के रमन राज में आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों का हनन किया जाता था। प्रदेश की आबादी का 32 प्रतिशत हिस्सा आदिवासी समाज का है, लेकिन उन्हें ही मुख्यधारा से अलग रखने का षड़यंत्र भाजपा ने किया। पिछली बार भाजपा के कुशासन के खिलाफ हमें जनादेश मिला था, इस बार हमें हमारी सरकार के कामों के आधार पर वोट मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button