रायपुर में 438 किलो से अधिक गांजा सहित अन्य मादक पदार्थ नष्ट

77 NDPS प्रकरणों में जब्त नशीले पदार्थों का इंडस्ट्रियल फर्नेस में किया गया विधिवत नष्टीकरण
रायपुर, 18 सितंबर 2026। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के साथ पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की बड़ी कार्रवाई की। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत 77 NDPS प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को इंडस्ट्रियल फर्नेस में जलाकर विधिवत नष्ट किया गया।कार्रवाई में 438.764 किलोग्राम गांजा, 7.795 किलोग्राम डोडा, 1.015 किलोग्राम हशीश और 900 ग्राम अफीम सहित बड़ी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ शामिल थे। इसके अलावा 25,773 टेबलेट और 875 कैप्सूल सहित अन्य सामग्री का भी नियमानुसार नष्टीकरण किया गया।
जोनवार कार्रवाई में सेंट्रल जोन के 37 प्रकरणों में 143.895 किलोग्राम गांजा, नॉर्थ जोन के 19 प्रकरणों में 86.950 किलोग्राम गांजा तथा वेस्ट जोन के 21 प्रकरणों में 207.919 किलोग्राम गांजा जब्त सामग्री के रूप में शामिल था।यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में की गई। संबंधित जोन के अधिकारियों की निगरानी में निर्धारित सुरक्षा मानकों और वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए मादक पदार्थों का Drug Disposal किया गया।पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जब्ती, अनुसंधान और जब्त मादक पदार्थों के विधिवत नष्टीकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


