June 17, 2026

गुंजन एजुकेशन सेंटर में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित, संचार एवं शिक्षण कौशल निखारने पर जोर

0
गुंजन एजुकेशन सेंटर में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित, संचार एवं शिक्षण कौशल निखारने पर जोर

मास्टर ट्रेनर अन्नपूर्णा पवार के मार्गदर्शन में प्रभावी शिक्षण, संचार कौशल एवं व्यक्तित्व विकास के विविध आयामों पर हुआ सार्थक मंथन



घरघोड़ा (गौरीशंकर गुप्ता)। गुंजन एजुकेशन सेंटर, सक्ती में संस्था के डायरेक्टर श्री नितिन सोनी की अभिनव पहल पर शिक्षकों के व्यक्तित्व विकास, संचार दक्षता एवं शिक्षण कौशल उन्नयन के उद्देश्य से एक विशेष शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। वर्तमान शिक्षा परिवेश की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आयोजित यह कार्यशाला प्रभावी शिक्षण में पब्लिक स्पीकिंग, संचार कौशल तथा व्यक्तित्व विकास की भूमिका पर केंद्रित रही।
कार्यशाला का संचालन मास्टर ट्रेनर एवं वक्ता अन्नपूर्णा पवार द्वारा किया गया। वे बलौदा बाजार जिले में अंग्रेजी विषय की व्याख्याता हैं तथा प्रबंधन विषय में शोधरत हैं। संचार एवं शिक्षण कौशल के क्षेत्र में उनकी विशिष्ट पहचान है। वे विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ी रही हैं तथा छत्तीसगढ़ की सुविख्यात कवयित्री, लेखिका एवं स्तंभकार के रूप में भी जानी जाती हैं।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान अन्नपूर्णा पवार ने प्रभावी संप्रेषण, आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतीकरण, कक्षा में विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने की तकनीकों, प्रेरक शिक्षण पद्धतियों तथा शिक्षक के व्यक्तित्व के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बदलते शैक्षणिक परिवेश में शिक्षक केवल ज्ञान प्रदाता ही नहीं, बल्कि एक कुशल मार्गदर्शक, प्रेरक और प्रभावी संवादकर्ता भी होता है।
कार्यशाला में लगभग 25 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं व्यावहारिक बताया। शिक्षकों ने कहा कि यह प्रशिक्षण न केवल उनकी शिक्षण दक्षता को बढ़ाने में सहायक होगा, बल्कि विद्यार्थियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने तथा सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
संस्था के डायरेक्टर श्री नितिन सोनी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आधार प्रशिक्षित और दक्ष शिक्षक होते हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए संस्था द्वारा समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
आज के परिवर्तनशील शैक्षणिक दौर में शिक्षकों के कौशल विकास एवं विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को सुदृढ़ बनाने की दिशा में गुंजन एजुकेशन सेंटर द्वारा किया गया यह प्रयास एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed