एहसान अली ने 10वीं में 97.83% हासिल कर टॉप-10 में बनाई जगह, घरघोड़ा में हुआ सम्मान
घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। नगर के सांई धाम में उस समय गौरव और प्रेरणा का माहौल बन गया, जब घरघोड़ा जामा मस्जिद कमेटी द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों और युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
समारोह के मुख्य आकर्षण कक्षा 10वीं के होनहार छात्र एहसान अली रहे, जिन्होंने 97.83% अंक प्राप्त कर छत्तीसगढ़ प्रदेश की टॉप-10 सूची में 8वां स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे घरघोड़ा नगर और रायगढ़ जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। इस अवसर पर अतिथियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधरी एवं थाना प्रभारी गौरव साहू उपस्थित रहे।
सुरेन्द्र चौधरी ने इस उपलब्धि को नगर के लिए गौरव का क्षण बताया, वहीं गौरव साहू ने कहा कि कड़ी मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
शकील मोहम्मद ने शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताया, जबकि उस्मान बेग ने युवाओं को मेहनत और लगन से आगे बढ़ने का संदेश दिया। विद्यालय के प्राचार्य संजय पंडा ने विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों और अभिभावकों की अहम भूमिका को रेखांकित किया।
कमेटी अध्यक्ष ताहिर ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद एहसान अली ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और मार्गदर्शकों को दिया तथा भविष्य में भी कड़ी मेहनत कर क्षेत्र का नाम रोशन करने की बात कही।
इस अवसर पर व्याख्याता डमरूधर पटेल, मनोज कुर्रे एवं प्रीति सिंह ठाकुर को भी उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
