Big StoryState

किसानों की समस्या से अवगत हुए कांग्रेसी नेता, कहा- प्रदेशभर के धान खरीदी केंद्रों में भारी अव्यवस्था

रायपुर। धान खरीदी में किसानों की समस्याओं को देखने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के लिये सरकार का ध्यानाकर्षण करने के लिये कांग्रेस ने प्रदेश के सभी धान खरीदी केंद्रों में ‘धान खरीदी केन्द्र चलो अभियान चलाया।’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी विभिन्न सोसाइटियों में जाकर किसानों की समस्याओं की जानकारी ली। विधायकों और पूर्व विधायकों सहित जिला अध्यक्षों ने भी अपने-अपने जिलों में धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर किसानों की समस्या जानी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बस्तर के छापरभानपुरी, तरन्जी, बरान्जी, टोकापाल धान खरीदी केन्द्र जाकर व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा धान बेचने आये किसानों से चर्चा की। किसानों ने बताया कि बारदाने की कमी है, टोकन की व्यवस्था अव्यवहारिक है, किसानों को भुगतान मात्र 2300 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से हो रहा है। 1.5 किलोग्राम से 2.5 किलोग्राम अधिक तौला जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर जिले के खरोरा के ग्राम माठ के धान खरीदी केंद्र में गए तथा वहां पर उपस्थित धान बेचने आये किसानों एवं सोसाइटी कर्मचारियों से चर्चा कर धान खरीदी में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। किसानों ने पूर्व मुख्यमंत्री को बताया कि सबसे ज्यादा टोकन को लेकर परेशानी आ रही है। 15 दिन बाद तक का भी टोकन नहीं मिल रहा। किसानों से पूरा धान नहीं खरीदा जा रहा है।
जिले में इन नेताओं ने किया दौरा
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा, पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, उधोराम वर्मा ने धरसींवा धान खरीदी केंद्र और सांकरा धान खरीदी केंद्र में गए तथा वहां पर उपस्थित धान बेचने आये किसानों एवं सोसाइटी कर्मचारियों से चर्चा कर धान खरीदी में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
सिंहदेव ने यहां किया दौरा
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव महासमुंद के पिथौरा, राजाडेरा एवं बिलाईगढ़ के सरसींवा सोसाइटी गये। इन सोसाइटियों में भी किसान बारदाने, टोकन, कम तौल एवं उठाव की समस्या से परेशान हो रहे हैं।



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button