रास्ता पूछने के बहाने युवक पर चाकू से हमला कर मोबाइल लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 7 सितंबर। तेलीबांधा क्षेत्र में रास्ता पूछने के बहाने युवक को रोककर चाकू से हमला करने और मोबाइल लूटकर फरार होने वाले तीन आरोपियों को एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और नकदी रकम बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त की रात करीब 9:45 बजे हल्दीराम होटल का सेल्समैन धरमवीर साहू खाना खाने के बाद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित अपने कमरे जा रहा था। लाभाण्डी जाने वाली सर्विस रोड पर बस स्टॉप के पास जोरा मॉल की ओर से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया।इसके बाद आरोपियों ने धरमवीर के हाथ में रखे मोबाइल को लूटने का प्रयास किया।
विरोध करने पर दोनों ने उसका हाथ पकड़कर किसी नुकीली वस्तु से बाएं हाथ की भुजा, पेट और पीठ पर हमला कर घायल कर दिया तथा मोबाइल लूटकर मैग्नेटो मॉल की ओर फरार हो गए। घायल युवक को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।पुलिस ने भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा और राजू सबर को पकड़कर पूछताछ की, जिन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपियों ने लूटा गया मोबाइल दूजराम साहू उर्फ छोटू को बेचने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने दूजराम को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 HJ 0670 और नकदी रकम जब्त की है।गिरफ्तार आरोपी1. भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा (19 वर्ष), निवासी तेलीबांधा, रायपुर।2. राजू सबर (25 वर्ष), निवासी हीरा नगर, तेलीबांधा, रायपुर।3. दूजराम साहू उर्फ छोटू (26 वर्ष), निवासी हीरा नगर, तेलीबांधा, रायपुर।पुलिस के मुताबिक भुनेश्वर निषाद और दूजराम साहू पूर्व में भी मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं।

