
अतिक्रमण और नो-पार्किंग के खिलाफ यातायात पुलिस की सख्ती, 17 कारों के ई-चालान, 6 बाइक जब्त
मालवीय रोड में तीसरे दिन भी अभियान, राजबंधा मैदान, मेडिकल कॉम्प्लेक्स, प्रेस कॉम्प्लेक्स और हांडीपारा में संयुक्त कार्रवाई
रायपुर, 9 सितंबर। राजधानी में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को मालवीय रोड में लगातार तीसरे दिन अभियान चलाया गया। वहीं राजबंधा मैदान, मेडिकल कॉम्प्लेक्स, प्रेस कॉम्प्लेक्स और हांडीपारा क्षेत्र में भी यातायात पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश और पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा के पर्यवेक्षण में सड़क और सार्वजनिक मार्गों पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण एवं नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
मालवीय रोड में तीसरे दिन भी कार्रवाईएसीपी ट्रैफिक कमलजीत पाटले के नेतृत्व में यातायात थाना कालीबाड़ी पुलिस और अतिक्रमण निरोधक टीम ने मालवीय रोड में कार्रवाई की। दुकानों के बाहर सड़क तक सामान फैलाकर व्यवसाय करने वाले व्यापारियों को समझाइश देकर सामान अंदर कराया गया, जबकि सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले ठेलों को हटाया गया।नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े तीन वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 300 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
17 कारों के ई-चालान, 6 मोटरसाइकिल जब्तएसीपी ट्रैफिक रमेश येरेवार के नेतृत्व में यातायात पुलिस, अतिक्रमण निरोधक दल और नगर निगम की टीम ने राजबंधा मैदान, मेडिकल कॉम्प्लेक्स और प्रेस कॉम्प्लेक्स के आसपास कार्रवाई की। इस दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में अव्यवस्थित ढंग से खड़े और यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।कार्रवाई के दौरान 17 कार चालकों के विरुद्ध ई-चालान किया गया, जबकि 6 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। सड़क पर अवैध रूप से दुकान संचालित करने और अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की गई।इसके अलावा शारदा चौक थाना क्षेत्र के हांडीपारा में यातायात में बाधा बन रहे लावारिस और कंडम वाहनों को हटाया गया। कार्रवाई के बाद सड़क को व्यवस्थित कर आवागमन सुचारू कराया गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात में बाधक वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें, वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


