City

राजीव गांधी ने रखी आधुनिक भारत की आधारशिला: सीएम

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की 20 अगस्त को जयंती पर उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राजीव गांधी ने 21 वीं सदी के आधुनिक भारत की नींव रखी। देश में कम्प्यूटर क्रांति और सूचना क्रांति लाने का श्रेय राजीव गांधी को जाता है। कम्प्यूटर के जरिए शासकीय काम-काज में पारदर्शिता आई और ई-प्रशासन के माध्यम से आमजन तक शासकीय योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित हुई। वास्तव में राजीव गांधी आधुनिक भारत के स्वप्नदृृष्टा थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभाली। उन्होंने देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए युवाओं को 18 साल में मतदान का अधिकार दिलाया। उन्होंने देश में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं और नगरीय निकायों को अधिकार संपन्न बनाने का भी महत्वपूर्ण कार्य किया। राज्य सरकार द्वारा ”राजीव युवा मितान क्लब” के जरिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में युवाओं को रचनात्मक सांस्कृतिक गतिविधियों खेल-कूद आदि से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राजीव गांधी के समावेशी विकास के सपने को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। राजीव गांधी ने भारत की प्रगति का जो सपना देखा था, उसे पूरा करने के लिए सच्चा प्रयास ही उनको वास्तविक श्रद्धांजलि होगी।



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button