
प्रभावित परिवारों को ₹10 हजार की अतिरिक्त मदद का ऐलान
मकान, फसल और पशुधन के नुकसान का जल्द सर्वे करने के निर्देश, पेयजल और स्वास्थ्य व्यवस्था पर विशेष फोकस
रायपुर, 28 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को बस्तर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के डोंगाघाट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को राहत देते हुए शासन के प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता के अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹10 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे तेजी से पूरा कर पात्र परिवारों को सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जाए।
इंद्रावती नदी के जलस्तर का लिया जायजा
मुख्यमंत्री साय ने इंद्रावती पुल पहुंचकर नदी के जलस्तर और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से बारिश, बाढ़ की स्थिति, प्रभावित गांवों, राहत एवं बचाव कार्यों और प्रभावित परिवारों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।उन्होंने संवेदनशील और निचले इलाकों में लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव दलों को तत्काल सक्रिय करने के निर्देश दिए।
पानी उतरने के बाद स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद शुद्ध पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। जलस्रोतों की सफाई और उपचार के साथ जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य शिविर लगाने, पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध रखने और बीमारी फैलने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।मकान, फसल और पशुधन के नुकसान का होगा सर्वेसीएम साय ने अधिकारियों को बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों, फसलों, पशुधन और अन्य संपत्तियों का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक नुकसान का आकलन कर पात्र प्रभावित परिवारों को शासन के प्रावधानों के अनुसार जल्द सहायता दी जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। प्रभावित लोगों की सुरक्षा, राहत और जीवन को जल्द सामान्य करना सरकार की प्राथमिकता है।
इस दौरान महापौर संजय पाण्डेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कमलचंद्र भंजदेव सहित जनप्रतिनिधि तथा कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



