March 7, 2026

मंदिर की दानपेटी तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नकदी व लोहे की रॉड बरामद

0
01
Spread the love

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। खरसिया क्षेत्र में जैन मंदिर की दानपेटी से रुपये चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में से एक हाल ही में चोरी के मामले में जेल से जमानत पर रिहा हुआ था, जिसने बाहर आते ही अपने साथी के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजेन्द्र मेहता (64 वर्ष) निवासी सराफा लाइन वार्ड नंबर 11 खरसिया ने 6 मार्च 2026 को पुलिस चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कॉन्वेंट स्कूल के पास स्थित सामाजिक श्वेतांबर जैन मंदिर में सुबह पूजा करने पहुंचे तो मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर रखी दानपेटी का ताला भी टूटा मिला और उसमें रखे करीब 5 से 6 हजार रुपये अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए थे। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की पतासाजी करते हुए पूर्व में मंदिर चोरी के मामलों में संलिप्त रहे संदेही देव उर्फ देवा श्रीवास और उसके साथी मोनू चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मंदिर की दानपेटी से रुपये चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी देव उर्फ देवा श्रीवास के कब्जे से 900 रुपये और घटना में प्रयुक्त एक छोटा लोहे का रॉड बरामद किया गया, जबकि आरोपी मोनू चौहान के कब्जे से भी 900 रुपये जप्त किए गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक मनोज मरावी, आरक्षक साविल चंद्रा तथा आरक्षक मुकेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि धार्मिक स्थलों में चोरी जैसे अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *