April 26, 2026

खेत में दवाई डालने गए दो सगे भाइयों की करंट की चपेट में आने से मौत

0
77

खेत में भरे पानी में टूटा पड़ा था 11 केव्ही हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित बिजली तार



कवर्धा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कम्पनी की जिले में चरमराई और खस्ताहाल विद्युत व्यवस्था के चलते एक बार फिर दो ग्रामीणों की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनो ग्रामीण सगे भाई बताए जा रहे हैं। इस दुखद और हृदय विदारक घटना के बाद मृतकों के परिवार और गांव में शोक व्याप्त है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों का शव बरामद कर मर्ग कायम कर लिया है वहीं पीएम उपरांत शवों को मृतकों के परिजनो को भी सौंप दिया गया है। लेकिन अभी तक इस जीव लेवा घटना की जिम्मेदारी तय नहीं की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह करीब 9.30 बजे जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम आमगांव निवासी टीकम निर्मलकर पिता गयाराम निर्मलकर आयु 40 वर्ष और उसका छोटा सगा भाई सुरेन्द्र निर्मलकर अपने धान के खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव करने गए थे। बताया जाता है कि दोनो भाई अपने खेत के पास ही पहुंचे ही थे की वे खेत के पास लगे विद्युत पोल के नीचे टूट कर गिरे पड़े करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गए और करंट से दोनो भाईयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि खेत में पानी भरा हुआ था और तार उन्हें नजर नहीं आया। जैसे ही वे पानी और तार के संपर्क में आए हादसा हो गया। घटना के बाद इसकी जानकारी मृतक के परिजनो तथा पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों का शव बरामद कर मर्ग कायम कर लिया है। वहीं दोपहर तक पीएम उपरांत दोनो भाईयों के शवों को मृतक के परिजनो को सौंप दिया गया है। इस घटना से पूरे गांव में शोक व्याप्त है। ग्रामीण और मृतक के परिजन इस घटना के लिए विद्युत विभाग की खस्ताहाल और चरमराई विद्युत व्यवस्था को दोषी मान रहे हैं। हालांकि अभी तक पुलिस ने इन मौतों के लिए किसी की जिम्मेदारी तय नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *