Big StoryCity

शक्ति प्रदर्शन के साथ भाजपा महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे ने भरा नामांकन

रायपुर। राजधानी के नगर निगम के मेयर पद की भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे ने मंगलवार को बड़े शक्ति प्रदर्शन के साथ सभी 70 पार्षद प्रत्याशियों संग नामांकन दाखिल किया। इसके पहले एकात्म परिसर से रैली निकाली गई। इसमें प्रदेश के मंत्री और रायपुर संभाग प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा व मोतीलाल साहू के साथ ही प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, नगर निगम रायपुर संगठन प्रभारी संदीप शर्मा, अशोक बजाज, शहर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस रैली में कार्यकर्ताओं ने नया नारा लगाया ‘बंटोगे तो फिर लुटोगे’। नामांकन और रैली से पहले श्रीमती चौबे ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। एकात्म परिसर में मंगलवार सुबह से ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुटे। सभी वार्डों के भाजपा प्रत्याशी भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। दोपहर 11 बजे रैली निकाली गई। रैली में शास्त्री चौक के पास सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। वे महासमुंद में डॉ. विमल चोपड़ा के नामांकन में शामिल होने के कारण यहां पर विलंब से पहुंचे।



विधायक मूणत रैली में पैदल चले
रैली में जहां एक रथ पर मीनल चौबे के साथ प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम, सांसद बृजमाेहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव सहित भाजपा नेता सवार थे, वहीं अन्य रथों पर भी भाजपा के कई नेता सवार थे। इधर रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत के साथ ही निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष सुभाष तिवारी, सूर्यकांत राठौर, प्रत्याशी नहीं बनाए गए पूर्व पार्षद मृत्युंजय दुबे सहित कई नेता एकात्म परिसर से कलेक्टोरेट तक रैली में पैदल ही शामिल हुए।


रैली में उमड़ा जनसैलाब


एकात्म परिसर से निकली नामांकन रैली में भारी जनसैलाब उमड़ा। कार्यकर्ताओं के साथ ही रायपुर के सभी वार्डों से आम जनता भी रैली में शामिल हुई। जय श्रीराम के जयघोष के साथ महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे अपने वाहन पर सवार हुईं। साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहन के अलावा पैदल ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम जनता के साथ भव्य रैली निकली तो पूरा शहर भगवा और भाजपामय दिखने लगा। शहर के विभिन्न चौराहों पर रैली में भाजपा नेताओं का स्वागत किया गया। रैली पर पुष्पवर्षा कर समर्थन जताया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर निकली रैली जैसे-जैसे नामांकन स्थल की ओर बढ़ती गई, वैसे जगह-जगह वार्ड से भी लोग रैली में शामिल होते गए।


लगाया नारा- बंटोगे तो फिर लुटोगे
रैली के दौरान लगातार नारे भी लगाए जा रहे थे। भाजपा को लाना है, बटन दबाओ कलम निशान पर, मीनल दीदी आएंगी, शहर में भाजपा का सुशासन लाएंगी। इन नारों के बीच ही एक युवाओं की टोली ने जब यह नारा लगाना शुरू किया कि बंटोगे तो लुटोगे। इस नारे के बाद लोग एक-दूसरे से भी कहने लगे। सही है इस नारे का मतलब, बंटोगे तो लुटोगे, यही है इसका मतलब।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button