April 26, 2026

कलेक्ट्रेट का अफसर बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर 4.35 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

0
09

सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस की कार्रवाई / बीएनएस 318(4) के तहत मामला दर्ज



घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र में कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख 35 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण के अनुसार 16 फरवरी 2026 को ग्राम इचकेला निवासी 23 वर्षीय रोहित खाखा ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी प्रदीप पंडा (28 वर्ष), निवासी सोडापाठ चौक पुसौर, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़), ने उसकी मां को झांसा दिया कि वह कलेक्ट्रेट में बड़ा अधिकारी है और वहां सुरक्षा गार्ड की भर्ती चल रही है। आरोपी ने पहले नौकरी लगवाने के नाम पर 50 हजार रुपये लिए। बाद में ज्वाइनिंग लेटर दिलाने का आश्वासन देकर 1 लाख 50 हजार रुपये और मांग लिए, जिसे प्रार्थी की मां ने गांव की जमीन गिरवी रखकर दे दिया। इसके बाद आरोपी ने एक और पद खाली होने की बात कहकर ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत की मां से भी संपर्क कराया और उससे 2 लाख 35 हजार रुपये ठग लिए। नौकरी न लगने और आरोपी द्वारा टालमटोल करने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जशपुर के एक होटल से घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि ठगी की रकम से उसने उधारी चुकाई, फर्नीचर व कंप्यूटर खरीदे और शेष राशि खर्च कर दी। पुलिस ने भट्टी रोड जशपुर स्थित आरोपी के तथाकथित कार्यालय से टेबल, कुर्सी और कंप्यूटर समेत अन्य सामग्री जब्त की है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक विपिन किशोर केरकेट्टा, आरक्षक विनोद तिर्की एवं नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *