PM मोदी के जन्मदिन पर खारुन तट पर सवा लाख दीपों का दीपोत्सव, CM साय ने की महाआरती


महादेव घाट में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना; 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’


सवा लाख ‘आशीर्वाद के दीपों’ से जगमगाया खारुन तटPM मोदी के 76वें जन्मदिन पर महादेव घाट में भव्य दीपोत्सव और महाआरती, CM साय ने की स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना
रायपुर, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर राजधानी रायपुर का महादेव घाट गुरुवार शाम सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के तट पर आयोजित विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान खारुन मैया की विधि-विधान से महाआरती की गई और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।सवा लाख दीपों के एक साथ प्रज्वलित होने से महादेव घाट का पूरा परिसर रोशनी से आलोकित हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। श्रद्धा, आस्था और जनभागीदारी के इस आयोजन में साध्वी प्रज्ञा भारती एवं आचार्यों ने महाआरती कराई।
मुख्यमंत्री साय ने भी आरती में सहभागिता की।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित गीत का विमोचन भी किया गया।CM साय बोले- जनसेवा और राष्ट्र निर्माण को मिली नई गतिमुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन देखे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद वर्गों तक आवास, शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस और खाद्यान्न सुरक्षा जैसी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि खारुन तट पर प्रज्वलित सवा लाख दीप प्रधानमंत्री के प्रति छत्तीसगढ़वासियों के स्नेह और शुभकामनाओं का प्रतीक हैं।
छत्तीसगढ़ से PM मोदी के जुड़ाव का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से आत्मीय जुड़ाव रहा है और प्रदेश के विकास को केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग मिला है। उन्होंने बस्तर में शांति, सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति और विकास की संभावनाएं बढ़ रही हैं तथा सरकार प्राकृतिक संपदा, पर्यटन, संस्कृति और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था को स्थानीय रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में इस दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्यक्रम जनभागीदारी के साथ आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अभियान में सहभागिता का आह्वान किया।रायपुर में करीब 32 लाख दीप प्रज्वलित करने का दावामुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी रायपुर में विभिन्न स्थानों पर लगभग 32 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में दीप आशा, विश्वास और प्रकाश का प्रतीक है।कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



