gharghoda

छाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्राहक तलाशते गांजा तस्कर को रंगे हाथ पकड़ा

नशे के खिलाफ छाल पुलिस का अभियान, 800 ग्राम गांजा व ₹4,250 जब्त



घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना छाल पुलिस ने आज क्षेत्र में गांजा पुड़िया बेचने वाले आरोपी प्रदीप त्रिपाठी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। छाल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुनुंद निवासी प्रदीप त्रिपाठी बाजार चौक मुनुंद के पास थैले में गांजा रखकर बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रदीप त्रिपाठी बताया तथा झोले में गांजा रखा होना स्वीकार किया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 800 ग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ₹8,800) तथा गांजा बिक्री की नगद रकम ₹4,250 जप्त की गई। इस प्रकार कुल ₹13,050 की जप्ती की गई। आरोपी प्रदीप त्रिपाठी पिता बसंत त्रिपाठी, उम्र 44 वर्ष, निवासी मुनुंद दुर्गा चौक, थाना छाल जिला रायगढ़ (छ.ग.) के विरुद्ध थाना छाल में अपराध क्रमांक 17/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, उप निरीक्षक मदन पटले, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, शंकर सिंह क्षत्री, आरक्षक सतीश जगत, भगवती प्रसाद लक्ष्मे एवं महिला आरक्षक एमरेंसिया टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिले में गांजा व अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। ऐसे कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button