NEET UG 2026 Result: नीट री-एग्जाम का रिजल्ट घोषित
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट-यूजी 2026 की री-एग्जाम (पुनः परीक्षा) के नतीजे और अंतिम उत्तर कुंजी (फाइनल आंसर की) आधिकारिक तौर पर घोषित कर दी है। इस परीक्षा में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने Top किया है। इन दोनों ने 720 में से 715 अंक प्राप्त किए हैं।
एनटीए द्वारा जारी की गई अंतिम उत्तर कुंजी के मुताबिक, इस बार मूल्यांकन से एक सवाल को हटा दिया गया है। परीक्षा में शामिल हुए 20 लाख से अधिक छात्र अब विभाग की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
तीन मई को हुई परीक्षा का पेपर लीक होने के कारण उसे निरस्त कर दिया गया था और 21 जून को फिर से परीक्षा कराई गई थी। इसमें 20 लाख से अधिक छात्र बैठे थे। कुल 11.21 लाख छात्रों ने दाखिले के लिए क्वालीफाई किया है। इनमें उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.70 लाख उम्मीदवार है, जबकि सबसे कम 43 उम्मीदवार लक्षद्वीप से हैं। पात्र अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत बेटियां हैं।
एनटीए ने नीट-यूजी का परीक्षा परिणाम घोषित होने के कुछ घंटे पहले ही परीक्षा की अंतिम उत्तर कुंजी भी जारी की थी। साथ ही छात्रों से अपने अंक का मिलान करने को कहा था। एनटीए के मुताबिक परीक्षा के परिणाम को रिकार्ड समय में इसलिए जारी किया गया है, ताकि समय पर काउंसलिंग के साथ छात्रों को मेडिकल में दाखिला मिल सके।
नीट यूजी 2026 के परीक्षा परिणाम में छत्तीसगढ़ के शिपरक गोयल सूची में 10वें और चार्वी अग्रवाल 11वें क्रम पर हैं। वहीं मध्य प्रदेश के आर्यमन सोलंकी को स्टेट टॉपर बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। राज्यवार सूची में उनका स्थान 28वां है।
