Big StoryNationalSports

भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, तीसरी बार जीती एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब

राजगीर। ‘गोल्डन गर्ल’ दीपिका के टूर्नामेंट में 11वें गोल की मदद से भारत ने ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन को 1-0 से हराकर महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी खिताब बरकरार रखा। पिछले साल रांची में और 2016 में सिंगापुर में यह खिताब जीत चुकी भारतीय टीम ने जबर्दस्त तालमेल और संयम का परिचय देते हुए चीन को हाशिए पर रखा।




पहला हाफ गोलरहित रहने के बाद दूसरे हाफ के पहले ही मिनट में भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका ने गोल करके खचाखच भरे बिहार खेल यूनिवर्सिटी स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में उत्साह का संचार कर दिया। दूसरे हाफ के पहले ही मिनट में भारत को लालरेम्सियामी ने पेनल्टी कॉर्नर दिलाया। इस पर पहला शॉट चूक गया लेकिन गेंद सर्कल के भीतर ही थी और नवनीत की स्टिक से डिफ्लैक्ट होकर दीपिका के पास पहुंची जिसने शानदार फ्लिक से उसे गोल के भीतर डाला। भारत के पास तीसरे क्वार्टर में ही बढत दुगुनी करने का सुनहरा मौका था लेकिन 42वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर दीपिका का शॉट चीन की गोलकीपर ने दाहिनी ओर डाइव लगाकर बचा लिया। भारत को चौथे क्वार्टर में भी एक पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन वैरिएशन का कोई नतीजा नहीं निकला।
खेल मंत्री ने किया सम्मानित
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने समापन समारोह में विजेता टीम को सम्मानित किया। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति समापन समारोह में मौजूद रहे। इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर के राज्य खेल अकादमी में आयोजित एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी में भारत की जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button