
फरार आरोपी हर्ष कोसले गिरफ्तार
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद
रायपुर, 5 सितंबर 2026। पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी हर्ष कोसले (22) को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 454/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में पूर्व में आरोपी अजय रक्सेल (24) को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान हर्ष कोसले की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू भी बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हर्ष कोसले के खिलाफ रायपुर जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास के तीन मामलों सहित आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। इसके अलावा राजनांदगांव जिले के एक लूट के मामले में वह जेल भी जा चुका है।मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।गिरफ्तार आरोपी: हर्ष कोसले, पिता स्व. जागेश्वर कोसले, उम्र 22 वर्ष, निवासी बड़ा भवानी नगर, सुलभ के पास, थाना सरस्वती नगर, रायपुर। वर्तमान पता नवभारत प्रेस के पास, रजबंधा मैदान तालाब पार, थाना मौदहापारा, रायपुर।
