घरघोड़ा अधिवक्ता संघ ने सांसद राधेश्याम राठिया को सौंपा ज्ञापन, 9 लाख रुपये की मांग
घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। घरघोड़ा में अधिवक्ता संघ ने कार्यालय की मूलभूत सुविधाओं को लेकर सांसद राधेश्याम राठिया को ज्ञापन सौंपा। संघ ने कार्यालय के लिए आवश्यक फर्नीचर एवं एक समृद्ध लाइब्रेरी के निर्माण हेतु 9 लाख रुपये स्वीकृत करने की मांग की। संघ के अध्यक्ष कैलाश गुप्ता और संरक्षक देवेंद्र पंडा ने बताया कि फर्नीचर की कमी और अद्यतन कानूनी पुस्तकों के अभाव से कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी बनने से अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधा मिलेगी और न्यायिक कार्यों की गुणवत्ता में सुधार आएगा। इस दौरान अधिवक्ता रोहित साहू, अशोक पटनायक सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे और सभी ने मांग का समर्थन किया। सांसद राधेश्याम राठिया ने मांग को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
