Uncategorized

कलेक्ट्रेट घेराव के बाद उद्योगों पर फोकस: 8 अप्रैल को सिंघल प्लांट घेराव से युवा कांग्रेस-एनएसयूआई का जनआंदोलन

रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। जिले में औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ स्थानीय रोजगार, पर्यावरण प्रदूषण, श्रमिक सुरक्षा और जनहित के मुद्दों को लेकर अब आंदोलन तेज होने जा रहा है। जिला युवा कांग्रेस (ग्रामीण) अध्यक्ष उस्मान बेग एवं जिला एनएसयूआई अध्यक्ष आरिफ हुसैन के नेतृत्व में 08 अप्रैल से चरणबद्ध जनआंदोलन की शुरुआत की जाएगी। पहले चरण में ग्राम तराईमाल स्थित सिंघल एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड प्लांट का घेराव और प्रदर्शन किया जाएगा।



इससे पहले युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के जिला कार्यालय में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बेरोजगारी, श्रमिक शोषण, प्रदूषण और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से उद्योगों के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया गया।

निर्धारित रणनीति के तहत 08 अप्रैल को सिंघल प्लांट के घेराव के बाद जिला प्रशासन को अवगत कराने हेतु रायगढ़ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की सूचना दी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारी की जा सके।

नेता उस्मान बेग और आरिफ हुसैन ने बताया कि जिले की कई औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिनमें पर्यावरण प्रदूषण, श्रमिकों की सुरक्षा में लापरवाही और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता न देना प्रमुख हैं। इन मुद्दों को लेकर पहले कलेक्ट्रेट घेराव कर प्रशासन को चेतावनी दी गई थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने पर अब उद्योगों के खिलाफ सीधे मोर्चा खोलने का निर्णय लिया गया है।

नेताओं ने कहा कि 08 अप्रैल को होने वाले इस आंदोलन में बड़ी संख्या में युवा, श्रमिक, किसान और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सिंघल प्लांट घेराव के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो जिले के अन्य विवादित और प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ भी चरणबद्ध घेराव किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनहित, स्थानीय युवाओं के रोजगार अधिकार, श्रमिक सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए है और जरूरत पड़ने पर इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button