politics

सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर 17 नवंबर को होगी अहम बैठक, अखिलेश यादव भी रहेंगे मौजूद

लखनऊ 


उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अब समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर एक अहम बैठक होने जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इस बैठक के लिए 17 नवंबर की तारीख तय की गई है. इस दिन समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच आमने-सामने की मुलाकात होगी. इस बैठक को आगामी चुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। 

बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए दोनों राजनीतिक दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. सपा-कांग्रेस गठबंधन के तहत सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर मंथन होगा। 

सपा ने तैयार किया कांग्रेस का 'चुनावी डोजियर'

इस बीच बताया जा रहा है कि 'इंडिया' गठबंधन के तहत सीटों के तालमेल पर औपचारिक चर्चा शुरू होने से पहले ही सपा ने अपनी तैयारी मजबूत कर ली है. कांग्रेस की ओर से 403 विधानसभा सीटों में से 200 से अधिक सीटों पर दावेदारी पेश करते हुए ‘बराबर का साझेदार’ बनने की मांग की जा रही है।  

सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने 2022 के चुनावी आंकड़ों के आधार पर कांग्रेस की स्थिति का एक डोजियर तैयार किया है. सपा का रुख साफ है कि सीटों का बंटवारा केवल संख्या के बजाय उम्मीदवारों की ‘जीतने की क्षमता’ पर आधारित होना चाहिए। 

बता दें, 2022 चुनाव में कांग्रेस ने कुल 403 में से 399 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे. कांग्रेस ने प्रतापगढ़ की रामपुर खास और महाराजगंज की फरेंदा सीट पर जीत दर्ज की थी जबकि 4 सीटों पर वह दूसरे स्थान पर रही. 2022 में 399 सीटों में से 387 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई. कांग्रेस को पूरे राज्य में मात्र 21.51 लाख वोट मिले थे. यूपी की मात्र 46 सीटें ऐसी थीं जहां कांग्रेस 10,000 से अधिक वोट हासिल कर सकी। 

News Desk

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button