कांग्रेस के नेताओं ने ही केजरीवाल की गिरफ्तारी की मांग की थी, अब आंसू बहा रहे : किरण देव

Spread the love

रायपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट का मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी को लेकर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोप को निराधार और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने कहा, यह वही कांग्रेस पार्टी है जो अरविंद केजरीवाल की शराब नीति का विरोध करने के लिए बड़ी-बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही थी। कांग्रेस के नेताओं ने ही केजरीवाल की गिरफ्तारी की मांग की थी, अब आंसू बहा रहे हैं। श्री देव ने कहा, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन ने बड़े-बड़े बयान दिए थे। जब मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी हुई थी तब भी कहा था कि यह भ्रष्टाचार का मामला है मनीष सिसोदिया से किसी को सिंपैथी रखने की जरूरत नहीं है। तो अब क्या हुआ कांग्रेस का स्टैंड क्यों बदल गया? क्या इनके बीच कोई सौदा हुआ है? या फिर कोई कोई लेनदेन हुआ है कि जिस बात के लिए जो विरोध करते थे अब उसके समर्थन में राहुल गांधी पोस्ट कर रहे हैं, सचिन पायलट को बात का जवाब देना चाहिए। श्री देव ने कहा, कांग्रेस के तो डीएनए में भ्रष्टाचार रचा-बसा है। आपदा को भी अपने भ्रष्टाचार के लिए अवसर बनाने में कांग्रेस कितनी माहिर है, इसे छत्तीसगढ़ ने पिछले पांच वर्षों के कांग्रेसी कुशासन में देखा-सुना और भोगा है। श्री देव ने कहा कि कांग्रेस प्रभारी पायलट को मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी पर चिंता व्यक्त करने के बजाय लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी के प्रदर्शन की चिंता करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *