April 26, 2026

विधानसभा घेराव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, 25 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता जुटाने का लक्ष्य

0
deepakbaij

हम सरकार को मजबूर करेंगे कि वह कानून व्यवस्था ठीक करे :दीपक बैज
रायपुर।
कांग्रेस ने विधानसभा सत्र के दौरान 24 जुलाई को विधानसभा घेराव की तैयारी की है। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी जुटी हुई है। प्रदेशभर से 25 हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य है। आसपास के जिलों पर कांग्रेस का ज्यादा फोकस है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर और धमतरी जिला कांग्रेस की शुक्रवार को बैठक ली। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी पूरी ताकत के साथ विधानसभा घेराव के कार्यक्रम को सफल बनाने इसमें शामिल हों।
श्री बैज ने बैठक में कहा, यह विधानसभा घेराव राज्य के नागरिकों की रक्षा के लिए आवश्यक है। सरकार नागरिकों की सुरक्षा के प्रति उदासीन है। सरकार को मजबूर करेंगे की वह राज्य की कानून व्यवस्था को सुधारे। भाजपा के राज में शांत छत्तीसगढ़ अशांत हो गया है। अराजकता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि अपराधी इतने ज्यादा बेलगाम हो गए हैं कि राज्य में एसपी कलेक्टर कार्यालय जलाए जा रहे, माबलीचिंग हो रही, थाने में चाकूबाजी हो रही, सरकार सुशासन का राग अलाप रही। जबसे राज्य में भाजपा की सरकार बनी है। नागरिकों को भय के माहौल जीवन जीना पड़ रहा है। अपराधी बेलगाम हो गए हैं। साय सरकार के राज में महिलाओं के प्रति अपराधों में बेतहाशा बढ़ोतरी हो गई है। मासूम बच्चियों के साथ घृणित दुराचार की घटनाएं बढ़ गई हैं। श्री बैज ने कहा, 6 महीने की साय सरकार में प्रदेश में कानून व्यवस्था खस्ताहाल में पहुंच गई है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *